KCG

केसीजी जिले में विजिबल पुलिसिंग के तहत व्यापक कॉम्बिंग गश्त, संदिग्धों पर रखी जा रही कड़ी नजर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने शुक्रवार को विजिबल पुलिसिंग के तहत व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान खैरागढ़, छुईखदान और गंडई थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजार, सराफा लाइन बस स्टैंड सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों और आउटर क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की। वहीं गुंडा निगरानीशुदा और आदतन बदमाशों के घरों में दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा कानून व्यवस्था भंग करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान होटल लॉज और ढाबों की भी जांच की गई। पुलिस ने आगंतुकों के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन करते हुए संचालकों को निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान भी चलाया गया। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया है। जिला पुलिस ने बताया कि अपराधों की रोकथाम कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विजिबल पुलिसिंग कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page