
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में 7 से 10 अगस्त तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), खैरागढ़ में जिला स्तरीय स्काउट-गाइड तृतीय सोपान एवं रोवर-रेंजर निपुण जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में जिले के चार्टर्ड एवं OYMS पंजीकृत विद्यालयों से 250 से अधिक स्काउट गाइड रोवर और रेंजर भाग लेकर विभिन्न व्यवहारिक परीक्षाओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। शिविर का आयोजन राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के मार्गदर्शन जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह के संरक्षण तथा जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभागियों की स्काउटिंग-गाइडिंग संबंधी क्षमताओं का मूल्यांकन करने के साथ उनमें नेतृत्व अनुशासन सेवा भावना और आत्मनिर्भरता जैसे गुणों का विकास करना है। चार दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों की तृतीय सोपान एवं निपुण जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप होगी। इसमें गांठ एवं बंधन प्राथमिक उपचार ध्वज शिष्टाचार कैंप क्राफ्ट पायनियरिंग मानचित्र अध्ययन टोली संचालन सामुदायिक सेवा आपदा प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण जैसी व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से परीक्षण किया जाएगा। अनुभवी परीक्षक विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के कौशल का मूल्यांकन करेंगे। आयोजकों के अनुसार शिविर में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए डाइट परिसर में आवास भोजन प्रशिक्षण सामग्री एवं सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रभारी शिक्षकों को निर्धारित समय पर प्रतिभागियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में सफल होने वाले स्काउट-गाइड रोवर और रेंजर आगे राज्य स्तरीय प्रशिक्षण एवं विभिन्न उन्नत स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों में भाग लेने के लिए पात्र होंगे। आयोजन को युवाओं में राष्ट्रसेवा सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यक्तित्व विकास की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।