
94 प्रतिशत अंक के साथ वैभव प्रथम, ईशा द्वितीय व तुषिका रही तृतीय स्थान पर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी 65 विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे जिससे विद्यालय में हर्ष का माहौल है। प्राप्त परिणामों के अनुसार कक्षा दसवीं में वैभव यादव ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। ईशा चंदेल ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया जबकि तुषिका कुर्रे ने 91.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी है।
