KCGपॉलिटिक्स

किसानों के मुआवज़े और अवैध ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला युवा कांग्रेस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों के लंबित मुआवज़े के भुगतान और शासकीय तालाब पर संचालित अवैध ईंट भट्ठे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन ने दोनों मामलों में शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन तिवारी ने बताया कि दनिया उदयपुर बुंदेली छुईखदान सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद प्रभावित किसानों को अब तक मुआवज़ा राशि नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से प्रभावित सैकड़ों किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है। इस संबंध में किसानों द्वारा कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं तथा पूर्व में एसडीएम कार्यालय का घेराव भी किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। युवा कांग्रेस ने एक अन्य ज्ञापन में ग्राम पंचायत खैरी-मुरई चौक में मनरेगा के तहत निर्मित शासकीय तालाब को पाटकर अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालित किए जाने का मुद्दा उठाया। संगठन का आरोप है कि तालाब पाटे जाने से गांव में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मामले में संयुक्त जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों किसानों और युवाओं के साथ जिला कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव अनिमेष सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गौकरण जंघेल, गौकरण वर्मा, अमन सोनी और जिला महामंत्री संजय जंघेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page