
संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी जमीनी अनुभव और सक्रियता को देखते हुए हुई नियुक्ति
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईखदान ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए ग्राम पंचायत साखा के सरपंच कपिनाथ महोबिया को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार पटेल ने नियुक्ति आदेश सौंपकर इसकी औपचारिक घोषणा की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार पटेल ने कहा कि कपिनाथ महोबिया की जमीनी सक्रियता संगठन के प्रति निष्ठा और क्षेत्रीय स्तर पर उनके अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महोबिया अपने दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए संगठन की गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेंगे। मुख्य प्रवक्ता के रूप में कपिनाथ महोबिया क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ कांग्रेस की नीतियों विचारधारा और संगठन की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति से ब्लॉक स्तर पर पार्टी की संवाद व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।