KCG

कन्या विद्यालय में छात्राओं को बीमा और वित्तीय सुरक्षा की दी गई जानकारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या विद्यालय क्रमांक-2 में वित्तीय साक्षरता एवं बीमा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। युनाइटेड इंडिया इंश्यूरेंस कंपनी लिमिटेड शाखा राजनांदगांव की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की करीब 400 छात्राओं और 40 से अधिक शिक्षकों ने हिस्सा लिया है। कार्यक्रम में कंपनी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक हरींद्र सिंह ने छात्राओं को बीमा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य बीमा के साथ स्वास्थ्य मोटर और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा जैसी योजनाएं आर्थिक संकट की स्थिति में परिवार को सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की बीमा योजनाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध स्टूडेंट सेफ्टी कवर की जानकारी भी साझा की है। छात्राओं को बीमा क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया है। एक्चुअरी अंडरराइटर और बीमा सलाहकार जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार सिंह ने बीमा को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ते हुए वित्तीय रूप से जागरूक रहने की आवश्यकता पर विचार रखे।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह राजपूत ने कहा कि विद्यार्थियों में वित्तीय समझ विकसित करना समय की जरूरत है। उन्होंने बीमा योजनाओं की जानकारी को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया है। कार्यक्रम के दौरान बीमा एवं वित्तीय जागरूकता से संबंधित क्विज और एक्स्टेंपोर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया है। कंपनी की ओर से विद्यालय के पुस्तकालय के लिए पुस्तकों का भी वितरण किया गया है।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य और वरिष्ठ शिक्षकों ने मौसम आधारित पैरामीट्रिक बीमा योजना परम मित्र सुरक्षा को अपनाया। कार्यक्रम में ही उन्हें पॉलिसी दस्तावेज सौंपे गए। आयोजकों ने बताया कि मौसम आधारित बीमा बदलते मौसम से जुड़े जोखिमों के विरुद्ध वित्तीय सुरक्षा देने की दिशा में उपयोगी पहल है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को जलपान वितरित किया गया। कार्यक्रम में प्रबंधक रजनीश कुमार सक्सेना, एसबीएम विवियन विक्टर, प्रशासनिक अधिकारी दीपक नाइकर और बीमा सलाहकार लोकेंद्र सिंह राजपूत, संचालक राजपूत कंप्यूटर खैरागढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक अखिलेश श्रीवास्तव ने किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page