Uncategorized

एक सप्ताह में 20 स्थायी वारंट तामील, केसीजी पुलिस ने भेजा जेल

खैरागढ़। फरार स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में केसीजी पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में 20 स्थायी वारंट तामील किए हैं। गिरफ्तार सभी वारंटियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया जहां से आदेश के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक केसीजी लक्ष्य विनोद शर्मा के निर्देशन में की गई है। थानावार कार्रवाई के मुताबिक गंडई में 11, छुईखदान में 5, बकरकट्टा में 2, खैरागढ़ और ठेलकाडीह में 1-1 स्थायी वारंट तामील किए गए है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार वारंटी कई वर्षों से फरार चल रहे थे और बलवा, आर्म्स एक्ट, चेक बाउंस, मारपीट, पशु क्रूरता, चोरी तथा आबकारी एक्ट जैसे मामलों में न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने कहा है कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से फरार आरोपियों की सूचना निकटतम थाने अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है वहीं साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने कहा गया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page