अतरिया बाजार विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अतरिया बाजार में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाला विकास समिति अध्यक्ष कमल शर्मा, सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा, उपसरपंच उत्तम वर्मा एवं समिति सदस्य सतीश पारख ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो और अंकसूची प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्राचार्य आर. के. वर्मा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के निरंतर प्रयास से विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है। आगामी सत्र में और बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित भी किया गया। कक्षा 9वीं (ए एवं बी) में कामिनी, निवासी सोनपुरी ने 91.10 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। श्रेया चंदेल, निवासी अछोली ने 89.20 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं लाकेश्वरी वर्मा, निवासी भीमपुरी ने 86.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 11वीं का परीक्षा परिणाम 67.4 प्रतिशत रहा। प्रिया वर्मा, निवासी गोदरी ने 84.50 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुस्कान वर्मा ने 82 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय तथा दीपिका केसरिया निवासी अतरिया ने 76 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय का समग्र परीक्षा परिणाम 92.74 प्रतिशत दर्ज किया गया जिसे संस्था के बेहतर शैक्षणिक वातावरण का परिणाम माना जा रहा है। इस अवसर पर व्याख्याता टी. के. साहू, एस. के. कौशिक, उमा टेम्बुरकर, आर. पी. सेन, मंजू कोसरे, एच. एस. टेम्भुरकर, शिखा श्रीवास्तव, डी. के. सिन्हा, मंजू ठाकुर लहरे, जाग्यासेनि सवाई, आर. के. बक्शी, नीलिमा चंद्रा, सोनल वर्मा, शांतनु मांडले सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं एवं स्टॉफ सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

Exit mobile version