डाइट खैरागढ़ में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खैरागढ़। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैरागढ़ में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टी-शर्ट एवं कैप का वितरण किया गया तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल ने नशापान के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित शासकीय योजनाओं तथा नशामुक्ति केंद्रों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी। डाइट की उपप्राचार्य श्रीमती निहारिका कर्महे ने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थी भूमिका साहू, आंचल द्विवेदी एवं धीरज कुमार यादव ने भी नशामुक्ति विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंत में डाइट के प्राचार्य वायडी साहू ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी केके वर्मा ने किया।इस अवसर पर डाइट के प्राचार्य वायडी साहू, उपप्राचार्य श्रीमती निहारिका कर्महे, सहायक प्राध्यापक राजेश ओझा एवं नरेन्द्र प्रभाकर देशकर, व्याख्याता डॉ. मकसूद अहमद, डॉ. मोनिका सिंह एवं डॉ. रचना दत्त, केके वर्मा, श्रीमती डिंपल ठाकुर, रोमेश जंघेल तथा समाज कल्याण विभाग से विनोद वर्मा, अनिल कुमार साहू एवं नवीन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा जनजागरूकता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

↑
Exit mobile version