शब्द रंग साहित्य महोत्सव में आमंत्रित हुए प्रो. राजन यादव

खैरागढ़ के हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजन यादव को दो दिवसीय शब्द रंग साहित्य महोत्सव में वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को कला मंच और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में साहित्य, कला, संचार एवं फिल्म जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हुए। महोत्सव में प्रसिद्ध पत्रकार एवं मीडिया विश्लेषक हर्षवर्धन त्रिपाठी, फिल्म बोर्ड के सदस्य एवं गीतकार यतीन्द्र मोहन मिश्रा तथा फिल्म हनुमान के निर्माता एवं प्रमुख कलाकार सहित अनेक साहित्यकारों और कलाकारों ने सहभागिता की। प्रोफेसर राजन यादव ने निज भाषा उन्नति है सब उन्नति को मूल : भाषा, दिशा एवं विचार विषय पर व्याख्यान देते हुए भारतीय भाषाओं की साहित्यिक परंपरा और मानवीय संवेदनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गोरखनाथ से कबीर तक और भूषण से दिनकर तक की काव्य परंपरा में मानवीय भावनाओं, चेतना और ओजस्विता का प्रभावशाली स्वर दिखाई देता है। यह साहित्यिक धारा आज भी विभिन्न रूपों में प्रवाहित हो रही है। प्रो. यादव ने 10 भारतीय भाषाओं की कविताओं के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने व्याख्यान को सारगर्भित रूप में संपन्न किया। उनके वक्तव्य में भारतीय भाषाओं की समृद्धि, साहित्यिक विविधता और समाज में भाषा के महत्व को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

↑
Exit mobile version