
बाजार अतरिया में पहली बार हुआ भव्य आयोजन
शोभायात्रा, सत्संग और भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
कबीर साहेब के संदेशों का किया गया प्रसार
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। ग्राम बाजार अतरिया में सोमवार को पहली बार सदगुरु कबीर साहब का 628वां प्राकट्य उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। अवन्ति चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन सदगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन आमीन माता महिला मंडल नवयुवक मंडल तथा ग्रामीणों के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सत्यनाम धुन और भजन-कीर्तन से हुआ। इसके बाद निकाली गई भव्य शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सदगुरु कबीर साहब के मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव, नशामुक्ति और सामाजिक समरसता के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया है। इस अवसर पर आयोजित सत्संग में भुरभुसी-गंडई से पहुंचे संतों ने ग्रंथ वाचन करते हुए कबीर वाणी का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कबीर साहब की शिक्षाएं समाज को एकता भाईचारे और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई जहां खीर-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया है।कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि समाजसेवी प्रबुद्ध नागरिक तथा परिक्षेत्र तहसील एवं जिला स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। आमीन माता महिला मंडल की महिलाओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

