KCGअपराध

अवैध मवेशी परिवहन पर खैरागढ़ पुलिस ने की कार्रवाई, चार भैंस बरामद

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अवैध पशु परिवहन और पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से चार गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा योद्धा पिकअप वाहन सहित संबंधित दस्तावेज जब्त कर वाहन चालक मोहम्मद मजहर आलम को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार थाना खैरागढ़ को सूचना मिली थी कि टाटा योद्धा पिकअप क्रमांक CG 04 QE 3612 में पीले रंग का त्रिपाल लगाकर अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धरमपुरा पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान बताए गए हुलिए और नंबर का पिकअप वाहन वहां पहुंचा जिसे रोककर जांच की गई। वाहन की तलाशी के दौरान पीछे के डाले में चार गौवंश को पर्याप्त पानी और आवश्यक व्यवस्था के अभाव में ठूंस-ठूंसकर ले जाते हुए पाया गया है। पुलिस ने चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मोहम्मद मजहर आलम उम्र 32 वर्ष, निवासी विश्रामपुर जिला सूरजपुर बताया। पुलिस ने मौके पर चारों गौवंश पिकअप वाहन आरसी कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति सहित अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(डी), 11(1)(ई), 11(1)(एफ) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गौवंश के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं मामले में पशुओं के अवैध परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। खैरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशुओं के अवैध परिवहन पशु तस्करी या पशुओं के साथ क्रूरता से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page