
घर-घर पहुंचकर लोगों को बताया कचरा पृथक्करण का महत्व
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की गई है। पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पुनीत वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर घर संपर्क कर लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग अलग रखने की जानकारी दी। साथ ही कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन और नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों वार्ड पार्षदों सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। लोगों को यह भी बताया गया कि घर घर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदियों को सहयोग देकर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। इस अवसर पर जिला समन्वयक गगन शर्मा, सफाई प्रभारी टोडर सिंह सहित पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सीएमओ पुनीत वर्मा ने सभी नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए शहर को साफ सुथरा रखने का संकल्प दिलाया है।
