KCG

स्कूल परिसर में हरेली पर हरियाली की नई पहल, 150 पौधों का हुआ रोपण

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। पर्यावरण संरक्षण और विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने की दिशा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया में इकोक्लब एवं यूथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में करीब 130 से 150 छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ पौधरोपण में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। अभियान में एक पेड़ मां के नाम पहल को भी शामिल किया गया है।पौधे लगाने के साथ विद्यार्थियों ने इनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों के माध्यम से आने वाले वर्षों में बेहतर हरियाली छाया और स्वच्छ वातावरण विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय के प्राचार्य आर. के. वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पौधरोपण जितना जरूरी है उससे कहीं अधिक आवश्यक लगाए गए पौधों का संरक्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की अपील की है। इकोक्लब प्रभारी एच. एस. टेम्भुरकर ने कहा कि विद्यालयों में होने वाले ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति के करीब लाने के साथ उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों को नियमित पानी देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में आर. के. वर्मा, एच. एस. टेम्भुरकर, आर. पी. सेन, डी. के. सिन्हा, एस. के. कौशिक, टी. के. साहू, उमा टेम्भुरकर, शिखा श्रीवास्तव, जाग्या सैनी स्वाई, नीलिमा चंद्रा, सोनल वर्मा एवं नीलेश साहू सहित कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पौधरोपण के दौरान विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल के साथ जल संरक्षण स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल परिसर में पौधे लगाना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। एक पेड़ मां के नाम के संदेश के साथ आयोजित इस पहल ने मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page