
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विद्यार्थियों में अनुशासन आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जिला स्तरीय तृतीय सोपान स्काउट-गाइड एवं निपुण रोवर-रेंजर जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) खैरागढ़ में शिविर का शुभारंभ हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे स्काउट गाइड रोवर और रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। शिविर का उद्घाटन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों को केवल विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है बल्कि यह उन्हें सेवा अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने की सीख देती है। प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाजहित तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान उन्होंने प्रतिभागियों से किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता DIET खैरागढ़ की प्राचार्य डॉ. निहारिका कर्महे ने की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास नेतृत्व क्षमता अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में DIET की व्याख्याता डॉ. मोनिका सिंह और डॉ. मकसूद खान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिला सचिव के.के. वर्मा और डीओसी धनुष सिन्हा की भी विशेष उपस्थिति रही।
कौशल के साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण
शिविर में स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़े विभिन्न कौशलों की प्रशिक्षण प्रक्रिया के साथ प्रतिभागियों की जांच भी की जाएगी। गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना सेवा भाव आत्मनिर्भरता नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को विभिन्न परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने और सामूहिक रूप से कार्य करने का व्यवहारिक अनुभव भी मिलेगा। आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल जांच और प्रमाण-पत्र हासिल करने तक सीमित रखना नहीं है। प्रशिक्षण के जरिए उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनाने की दिशा में तैयार किया जा रहा है। ‘सदैव तैयार’ के मूलमंत्र के साथ प्रतिभागी शिविर की विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर सेवा और नेतृत्व के गुण आत्मसात कर रहे हैं।
