KCG

सिंघौरी में नए विद्युत सब स्टेशन की मिली स्वीकृति

खैरागढ़। ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंघौरी में नए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना के लिए आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण सौगात के मिलने से क्षेत्र के निवासियों और किसानों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी और न्यायसंगत मांग अब पूरी होने जा रही है जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार की उम्मीद जगी है।प्राप्त जानकारी अनुसार सिंघौरी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली के कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्याओं से आम जनजीवन के साथ-साथ कृषि कार्य भी काफी प्रभावित हो रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों एवं किसानों ने इस विकट समस्या से निजात पाने के उद्देश्य से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से विशेष रूप से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया था और सब स्टेशन निर्माण की पुरजोर मांग रखी थी। किसानों और ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष इस मामले को पूरी मजबूती के साथ अवगत कराया था उन्होंने यह स्पष्ट किया था कि सिंघौरी क्षेत्र में कृषि और घरेलू उपयोग के लिए नया विद्युत सब स्टेशन कितना आवश्यक है। श्री सिंह के इन सार्थक प्रयासों और शासन की संवेदनशीलता के परिणामस्वरूप आखिरकार इस बहुप्रतीक्षित विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की प्रशासनिक स्वीकृति शासन स्तर से जारी कर दी गई है।इस स्वीकृति के मिलने के पश्चात प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर संवेदनशील हैं और लगातार विकास कार्यों को हरी झंडी दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सब स्टेशन के निर्माण से न केवल सिंघौरी बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों को निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली सुविधा सुलभ हो जाएगी जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा। नए विद्युत सब स्टेशन की स्वीकृति मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय संगठनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद संतोष पांडे तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page