Advertisement
KCG

सरकारी जमीन पर मंदिर निर्माण को लेकर विवाद, प्राण प्रतिष्ठा से पहले जांच तेज

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। क्षेत्र के विचारपुर पंडरिया भाठा में निर्माणाधीन किसान हनुमान संकट मोचन मंदिर को लेकर विवाद उभर आया है। प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा से ठीक पहले तहसील कार्यालय में की गई शिकायत के बाद राजस्व विभाग सक्रिय हो गया है। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के दौरान पटवारी ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और इसी आधार पर निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है। हालांकि शिकायत किसके द्वारा की गई है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। मौके पर किसी प्रकार का लिखित नोटिस या औपचारिक कार्रवाई भी सामने नहीं आई।

निरीक्षण की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और किसान अधिकार संघर्ष समिति के सदस्य बड़ी संख्या में स्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने शिकायतकर्ता की पहचान सार्वजनिक करने की मांग की और प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताई। समिति ने स्पष्ट किया कि मंदिर निर्माण किसी भी परिस्थिति में नहीं रोका जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं बल्कि क्षेत्र के किसानों की एकजुटता का प्रतीक बन चुका है। ऐसे में निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का एक वर्ग इस पूरे घटनाक्रम को क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध से जोड़कर देख रहा है। उनका आरोप है कि मंदिर निर्माण से किसानों में बढ़ रही एकता कुछ लोगों को असहज कर रही है जिसके चलते इस तरह की शिकायत कराई गई है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पटवारी के अनुसार, उन्हें इस मामले की सूचना मौखिक रूप से वरिष्ठ अधिकारियों से मिली है लेकिन अब तक कोई लिखित निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। मौके पर पंचनामा या अन्य औपचारिक दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई है जिससे स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। इधर 2 अप्रैल को प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। क्षेत्र में एक ओर धार्मिक उत्साह बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर विवाद के चलते तनाव का माहौल भी देखा जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page