Advertisement
Uncategorized

सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत, दस घायल

सत्यमेव न्यूज़ (जगदलपुर)। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता देखने निकले गरियाबंद जिले के युवकों की खुशियां एक भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गई। बारसूर-चित्रकोट मार्ग पर मारडूम थाना क्षेत्र अंतर्गत मेंद्री घूमर मोड़ के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक बड़े पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रूपेंद्र नेताम 25 वर्ष खिलेश्वर नेताम 18 वर्ष और रामरतन ठाकुर 20 वर्ष के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल लोहंडीगुड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल डिमरापाल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के 13 दोस्त स्कॉर्पियो वाहन से लंबी यात्रा पर निकले थे। वे पहले विशाखापट्टनम और जगन्नाथपुरी घूमने के बाद 2 फरवरी को दंतेवाड़ा पहुंचे थे। मंगलवार को माई दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन करने और बारसूर क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया।

मारडूम थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। अंधेरे और ठंड के बीच स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page