

कला, संस्कार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं शैक्षणिक जीवन के शुभारंभ के लिए दीक्षारंभ समारोह 2026-27 आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने की। मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. प्रकाश मिश्र रहे। डॉ. मिश्र ने विद्यार्थियों को समर्पण साहस और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल ज्ञान अर्जन ही नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से कला-साधना के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया है। कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कला के प्रति समर्पण और शुद्ध भाव को आवश्यक बताया।

उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की गौरवशाली कला परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में संगीत संकाय के अधिष्ठाता प्रो. नमन दत्त, कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजन यादव, प्रभारी कुलसचिव वेंकट आर. गुडे सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. देवमाईत मिंज ने किया तथा मंच संचालन डॉ. कौस्तुभ रंजन ने किया। समारोह नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान कला और संस्कार के नए अध्याय का शुभारंभ बना।
