Uncategorized

खैरागढ़ में डायरिया का प्रकोप, अकेले दाऊचौरा से 13 लोग अस्पताल में भर्ती

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर में डायरिया का कहर लगातार गहराता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 16 दाऊचौरा की एक गली में बीमारी तेजी से फैल रही है। यहां से अब तक 13 लोग बीमार होकर सिविल अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। अचानक बढ़े मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग की भी चिंता बढ़ा दी है।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन ने बताया कि दाऊचौरा क्षेत्र की पानी की पाइप-लाइन काफी जर्जर और जंग लगी है। यह नालियों के पास से गुजर रही है और जगह-जगह से लीकेज हो रही है। आशंका है कि गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है जिससे संक्रमण बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों को पानी उबालकर पीने, आसपास सफाई रखने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र की नालियां महीनों से जाम पड़ी हैं और शिकायतें करने के बावजूद सफाई की व्यवस्था नहीं की जा रही। गली-मोहल्लों में गंदगी और बदबू से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई, पाइप-लाइन सुधार और पेयजल व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से नालियों की सफाई, पानी की टंकियों की जांच और नियमित क्लोरीनेशन की व्यवस्था तत्काल करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page