
छत का टुकड़ा प्रधान पाठक के सिर पर गिरा, ग्रामीणों ने नए भवन की मांग उठाई
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। ग्राम श्यामपुर की प्राथमिक शाला का जर्जर भवन बारिश के मौसम में बच्चों और शिक्षकों के लिए खतरा बना हुआ है। छत से लगातार पानी रिसने के साथ जगह-जगह से छत के टुकड़े गिर रहे हैं। हाल ही में एक टुकड़ा प्रधान पाठक के सिर पर गिरा हालांकि वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बारिश से बचाव के लिए छत पर प्लास्टिक झिल्ली लगाई गई है लेकिन इसके बावजूद कमरों में पानी टपक रहा है। भवन की स्थिति को देखते हुए फिलहाल शाला का संचालन सामाजिक भवन में किया जा रहा है।

दो माह पहले दी गई सूचना अब तक स्थायी समाधान नहीं
सरपंच दीपक सिंह ने बताया कि पंचायत के माध्यम से करीब दो माह पहले ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराया गया था लेकिन अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। पंच पवन साहू ने कहा कि जल्द भवन की व्यवस्था नहीं की गई तो विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रधान पाठक निर्मला जंघेल ने बताया कि छत के टुकड़े गिरने की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है और फिलहाल सामाजिक भवन में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

नए भवन का जल्द निर्माण कराने का आश्वासन
विकासखंड शिक्षा अधिकारी जीके सुधाकर ने बताया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शाला संचालित की जा रही है। उच्च अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द भवन निर्माण कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर भवन की जगह जल्द नया और सुरक्षित स्कूल भवन बनाया जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित वातावरण में हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले प्रशासन को इस मामले में ठोस कदम उठाना चाहिए।

