KCGशिक्षा

शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश, उत्साह के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला बाजार अतरिया में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विद्यालय से जोड़ने तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया है। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया है। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत खैरागढ़ की सभापति दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन नैतिक मूल्यों और नियमित अध्ययन को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करना समाज और परिवार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए बताया कि शासन की विभिन्न योजनाएं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करा रही हैं। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का आधार भी है। कार्यक्रम में सरपंच बिमला वर्मा, उपसरपंच उत्तम कुमार वर्मा, पंच कुलेश्वर उपाध्याय, बेदराम वर्मा, राधेलाल जंघेल, प्रधान पाठक दीपचंद गुप्ता, पंचराम चंदेल, अमरिका वर्मा सहित विद्यालय परिवार अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षकों ने पालकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति स्वच्छता पोषण एवं शैक्षणिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया है। शाला प्रवेश उत्सव ने विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल निर्माण का संदेश भी दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page