Uncategorized

शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में बाल दिवस का भव्य आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती ‘बाल दिवस’ के रूप में उत्साहपूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू को नमन करते हुए तथा सभी छात्राओं को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हुई। समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मार्बल एंड स्पून रेस में छात्राओं ने अद्भुत एकाग्रता का प्रदर्शन किया वहीं म्यूजिकल चेयर में उनकी फुर्ती और त्वरित प्रतिक्रिया ने पूरे वातावरण में हँसी और रोमांच भर दिया। जलेबी दौड़ ने कार्यक्रम में मिठास घोलते हुए प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों को आनंदित कर दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्राओं को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं बल्कि खेल, रचनात्मकता एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास के लिये प्रेरित किया साथ ही छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और जीवन को पूरे उत्साह एवं सकारात्मकता के साथ जीने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन विजेता छात्राओं को पुरस्कार वितरण एवं सभी को मिठाई बाँटकर किया गया। आयोजन में डॉ.मेधाविनी तुरे, दुर्वासा सिन्हा, अजय कुमार वर्मा, मैथिली पटेल, शिखा जोशी, पायल सुधाकर, वासुदेव साहू, सौरभ साहू सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। बाल दिवस का यह आयोजन महाविद्यालय की छात्राओं एवं प्राध्यापकों के लिए उत्साह, खुशी और एकजुटता का यादगार अवसर बन गया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page