KCG

शहीद नगरी छुईखदान के नगर पंचायत में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर पंचायत छुईखदान में इन दिनों विकास कार्यों ने नई गति पकड़ ली है। नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक स्थलों के विकास से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। वर्षों से लंबित कई मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में हो रही पहल से नगरवासियों में संतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान परिषद विकास, पारदर्शिता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। नगर पंचायत क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई स्थानों पर लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्य पूरे होने से लोगों को राहत मिली है। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है वहीं उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से नगर की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है।

नगरवासियों को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई पाइपलाइन बिछाने तथा पुरानी जलापूर्ति लाइनों के सुधार का कार्य किया जा रहा है। सड़क और नाली निर्माण में भी उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों के निर्माण एवं मरम्मत से लोगों को राहत मिलने लगी है इसके साथ ही नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइटों की स्थापना और खराब लाइटों की मरम्मत का कार्य भी लगातार जारी है।

नगर पंचायत के विकास कार्यों में वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती नम्रता देवी वैष्णव के नेतृत्व के साथ पूर्व अध्यक्ष राजा गिरिराज किशोर दास के लंबे प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधि अनुभव का समन्वय भी देखने को मिल रहा है। शहीद नगरी छुईखदान के समुचित विकास को लेकर नगर के सुधि नागरिकों का कहना है कि पूर्व में तैयार की गई विकास योजनाओं और दीर्घकालिक सोच का लाभ वर्तमान परिषद को मिल रहा है जिससे विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों दिखाई दे रही हैं।

अध्यक्ष श्रीमती नम्रता देवी वैष्णव ने पदभार ग्रहण करने के बाद वार्डवार निरीक्षण कर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा को प्राथमिकता दी है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

नगरवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय में विकास कार्यों की रफ्तार पहले की तुलना में तेज हुई है, जिससे मूलभूत सुविधाओं में सुधार महसूस किया जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इसी प्रकार योजनाबद्ध विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे और छुईखदान नगर पंचायत भविष्य में प्रदेश की आदर्श नगर पंचायतों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी। विकास के इस नए दौर ने नगरवासियों में विश्वास और सकारात्मक उम्मीद का माहौल बनाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page