KCG

व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स आवंटन पर खैरागढ़ में घमासान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ द्वारा अधोसंरचना मद से निर्मित इतवारी बाजार और टिकरापारा स्थित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के आवंटन का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है। शहर कांग्रेस कमेटी ने इस विषय को 22 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित सामान्य सभा की बैठक की कार्यसूची में शामिल करने की मांग उठाई है। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि बीते दो वर्षों में नगर पालिका द्वारा दोनों स्थानों पर व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है लेकिन अब तक पात्र हितग्राहियों को इसका आवंटन नहीं किया गया है। जबकि इसके लिए नगर पालिका द्वारा सर्वे कर पात्र लोगों की सूची भी तैयार की जा चुकी है।

कॉम्प्लेक्स का आवंटन नहीं होने से छोटे और फुटकर व्यापारी सड़क किनारे दुकान लगाने को मजबूर हैं। इससे इतवारी बाजार क्षेत्र में आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। व्यापारियों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पार्षद दीपक देवांगन द्वारा 6 अप्रैल 2026 को ही इस मुद्दे को सामान्य सभा की बैठक में शामिल करने के लिए आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद 13 अप्रैल 2026 को जारी बैठक की कार्यसूची में इस महत्वपूर्ण विषय को शामिल नहीं किया गया जिससे कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवर्गिन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अमेण भरद्वाज, महामंत्री शेखर दास वैष्णव और नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने चेतावनी दी है कि यदि इस जनहित से जुड़े मुद्दे को सामान्य सभा की कार्यसूची में शामिल नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी पात्र हितग्राहियों के साथ मिलकर नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन करेगी। साथ ही सामान्य सभा में भी इस मुद्दे पर जवाब मांगा जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द कॉम्प्लेक्स का आवंटन किया जाए और इसे सामान्य सभा की बैठक की कार्यसूची में शामिल किया जाए, ताकि छोटे व्यापारियों को राहत मिल सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page