KCG

विद्यालयों की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने डीईओ को सौंपा ज्ञापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) खैरागढ़ इकाई ने जिले के शासकीय विद्यालयों में व्याप्त शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 7 सूत्रीय मांगें रखीं।

एबीवीपी ने जिले के कई शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों और विषयवार शिक्षकों की कमी को लेकर चिंता जताई। परिषद का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता के बावजूद कुछ शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संलग्न रखे जाने से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। परिषद ने ऐसे शिक्षकों को तत्काल उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजकर शिक्षण कार्य में लगाने की मांग की। साथ ही विद्यालयों में विषय विशेषज्ञों की पर्याप्त पदस्थापना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ज्ञापन में विद्यालयों में भवन एवं पर्याप्त कक्ष-कक्ष, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने की मांग भी रखी गई। एबीवीपी ने कहा कि शिक्षकों का प्राथमिक दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। ऐसे में शिक्षकों को अनावश्यक गैर-शैक्षणिक अथवा कार्यालयीन कार्यों में संलग्न रखने की व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए। परिषद ने विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिले की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

परिषद ने कहा कि विद्यालयों की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो विद्यार्थी हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। एबीवीपी ने शिक्षा विभाग से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा, नगर मंत्री रितिक कंडरा, नगर सहमंत्री उत्कर्ष बघेल, गोवर्धन यादव, साहिल जोशी, आशुतोष मिश्रा, आर्यन शीर्षस्ट, भूपेंद्र पटेल, रामू यादव, बिट्टू वर्मा, साहिल टंडन, सानंद सहित बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page