छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

तूफान में उड़ा शराब दुकान का टिन, खुली पोल: 8 लाख की शराब दुकान बनी भ्रष्टाचार की मिसाल

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। ग्राम पंचायत जालबांधा में लगभग 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित शराब दुकान अब भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही का प्रतीक बनती नजर आ रही है। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान दुकान की छत पर लगाया गया टिन शेड पूरी तरह उड़कर दूर जा गिरा जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
घटना के बाद शराब दुकान खुले आसमान के नीचे संचालित होती दिखाई दी जहां शराब खरीदने वालों की भीड़ भी लगी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस निर्माण कार्य पर लाखों रुपये खर्च होने का दावा किया गया वह पहली ही तेज आंधी में धराशायी हो गया। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप किया गया होता तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। मामले को लेकर ग्राम पंचायत जालबांधा के पंचों सहित ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व ही अनुभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में पंचायत में हुए कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कुल 9 मामलों का उल्लेख किया गया है। बताया जा रहा है कि मामला वर्तमान में जांच और विचाराधीन है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शराब दुकान निर्माण में वास्तविक लागत से अधिक राशि का आहरण किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर केवल कागजों में विकास कार्य दर्शाए गए जबकि जमीनी हकीकत पहली बारिश और तूफान में सामने आ गई। घटना के बाद पंचायत और सरपंच की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह आशंका भी जताई जा रही है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो पंचायत के अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी संदेह के घेरे में आ सकती है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page