KCG

जर्जर सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध, मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

सत्यमेव न्यूज उदयपुर। गांव की बदहाल सड़क अब विरोध का केंद्र बन गई है। लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही सड़क पर बारिश के बाद बने गड्ढों में पानी भरने से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को आवेदन दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई है। सड़क की मरम्मत के लिए आवेदन भी सौंपा गया लेकिन इसके बाद भी अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सड़क पर धान रोपकर विरोध जताया गया है ताकि जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर जाए। उन्होंने प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क सुधारने की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया कुर्रे, हेमराय जंघेल, माधो पटेल, रोशन धुर्वे, बलराम साहू, लोमश बघेल, परसोत्तम जंघेल, राजेंद्र निषाद, सुमिरन वर्मा, मोहित पटेल, भागीरथी साहू, तामेश्वर जंघेल, नंदकुमार जंघेल, अजय जंघेल, मन्नू लोधी और दीना जंघेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page