Uncategorized

लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी चल रहा पन्ना कृषि केन्द्र, प्रशासन पर उठा सवाल

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। कृषि विभाग की कार्रवाई के बावजूद नियमों की अनदेखी का एक मामला बाजार अतरिया में सामने आया है। यहां पन्ना कृषि केन्द्र का लाइसेंस निलंबित किए जाने के बाद भी दुकान के संचालन और कीटनाशक दवाओं की बिक्री जारी रहने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है। शुक्रवार को ग्राम डूंडा के गजेश वर्मा, ग्राम अछोली के सहसराम वर्मा तथा ग्राम दुल्लापुर के मनोहर जंघेल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। किसानों का आरोप है कि कृषि विभाग द्वारा लाइसेंस निलंबित किए जाने के बाद भी दुकान संचालक खुलेआम कीटनाशक और फफूंदनाशक दवाइयों की बिक्री कर रहा है। किसानों ने बताया कि करीब चार माह पहले उनके द्वारा पन्ना कृषि केन्द्र से खरीदे गए कीटनाशक और फफूंदनाशक दवाओं के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है जिसकी शिकायत कृषि विभाग में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद विभाग द्वारा संयुक्त जांच कराई गई जिसमें कई अनियमितताएं सामने आई थी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर कृषि विभाग ने 5 फरवरी 2026 को पन्ना कृषि केन्द्र का लाइसेंस निलंबित करने का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद दुकान खुली होने और किसानों को दवाइयों की बिक्री जारी रहने से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि स्थानीय अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे यह सवाल उठने लगा है कि विभागीय आदेश के बाद भी दुकान संचालन कैसे जारी है और इसके पीछे किसका संरक्षण है।

किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि पन्ना कृषि केन्द्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए साथ ही लाइसेंस निलंबन के बाद भी दुकान संचालक पर कार्रवाई नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाए। किसानों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page