

आरसेटी बाजार में स्थानीय सामग्री से बनी राखियों की प्रदर्शनी, कलेक्टर-सीईओ को बांधी स्वनिर्मित राखी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), खैरागढ़ में सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के तहत प्रशिक्षार्थियों ने आरसेटी बाजार का आयोजन कर अपने हुनर और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बाजार में महिलाओं ने धान, चावल, गेहूं, मूंग और बांस जैसी स्थानीय सामग्री से तैयार आकर्षक राखियों की प्रदर्शनी लगाई। प्रशिक्षार्थियों ने जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को भी अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। टेकाडीह की जागृति स्व सहायता समूह की दुलेश्वरी जोशी, डोकराभाटा की बल्का देहरे तथा प्रशिक्षक राजेश्वरी अग्रवाल ने अधिकारियों को राखी बांधी।


प्रशिक्षार्थियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे राखी निर्माण के हुनर को वे स्वरोजगार से जोड़कर आय का साधन बनाना चाहती हैं। कलेक्टर एवं सीईओ ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर कर बाजार से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। आरसेटी बाजार के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों को उत्पाद प्रदर्शन, ग्राहकों से संवाद और बिक्री का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। आयोजन अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक सी.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें आरसेटी फैकल्टी ओम जी मिश्रा, अभिषेक तिवारी और कार्यालय सहायक संतोष कुमार कार्की का सहयोग रहा।
