Uncategorized

मृतकों के परिजनों को कलेक्टर ने उपलब्ध कराई 20 लाख की आर्थिक सहायता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र आरबीसी 6-4 के अंतर्गत जिले के 5 मृतकों के निकटतम वारिसों को कुल 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील साल्हेवारा के ग्राम रामपुर निवासी पुनीत कुमार यादव, तहसील गंडई के ग्राम कटंगी निवासी जान्हवी पटेल तथा तहसील खैरागढ़ के धरमपुरा निवासी उदित ढीमर की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इन तीनों मामलों में मृतकों के निकटतम वारिस पिता इंद्रकुमार यादव, पिता रवि पटेल तथा पत्नी मिनेश्वरी को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान प्रदान की गई है। इसी क्रम में तहसील साल्हेवारा के ग्राम बांसभीरा निवासी आरती साहू की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मृत्यु होने पर उनके पिता कृष्ण साहू को चार लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं तहसील साल्हेवारा के ग्राम सरईपतेरा निवासी प्रभु मेरावी की कुएं में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में उनकी पत्नी सुमित्रा को भी चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा यह सहायता राशि आपदा पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page