अपराध

वाहन से टकराकर मवेशी से जा भिड़ा शिक्षक, मौके पर हुई मौत

स्कूल से घर लौट रहा था शिक्षक

साल्हेभर्री मोड़ के पास हुई दुर्घटना

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. राजनांदगांव स्टेट हाईवे में साल्हेभर्री के पास वाहन की ठोकर लगने से अधेड़ शिक्षक मवेशी से जा टकराया जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई. जानकारी अनुसार ग्राम कलेवा निवासी कमलेश पिता स्व.रामलखन चंदेल उम्र 45 वर्ष छुईखदान ब्लॉक के गाड़ाडीह स्कूल में पदस्थ था. रोज की तरह शिक्षक कमलेश गुरूवार 29 दिसंबर को स्कूल से अपने गांव वापस लौट रहा था तभी राजनांदगांव स्टेट हाईवे में साल्हेभर्री मोड़ के पास शाम तकरीबन 6:30 बजे अचानक एक अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी जिससे अनियंत्रित होकर शिक्षक मवेशी से जा टकराया.

वाहन की ठोकर के बाद मवेशी से टकराने पर शिक्षक के सिर में गंभीर चोट लगने से नाक व कान से खून निकलने लगा वहीं शिक्षक की पसलियां भी टूट गई थी जिसके कारण मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना के बाद राहगीरों के द्वारा 112 को सूचना दी गई जिसके बाद रात तकरीबन 7:30 बजे 112 की मदद से शिक्षक को सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह परिजनों की मौजूदगी में चिकित्सकों द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया तथा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया वहीं पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page