

अव्यवस्था से निपटने प्रशासन अलर्ट मोड पर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड छुईखदान के ठाकुरटोला जमीदारी स्थित प्रसिद्ध मण्डीप खोल गुफा के 27 अप्रैल को खुलने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी सिलसिले में गुरुवार को जनपद पंचायत छुईखदान के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने गुफा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके। स्वास्थ्य विभाग को गुफा परिसर में अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाने, आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने और अतिरिक्त मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। वहीं आबकारी विभाग को गुफा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों पर सख्ती से प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में डीएसपी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मण्डीप खोल गुफा दर्शन आयोजन समिति के संरक्षक लाल रोहित सिंह पुलत्स्य सहित समिति सदस्य विभागीय अधिकारी और क्षेत्र के सरपंच सचिव मौजूद रहे।



