
आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
न्यायिक कार्रवाई के बाद आरोपी को भेजा गया जेल
खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने ग्राम भरतपुर में दबिश देकर एक आरोपी को 7.5 बल्क लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। जानकारी अनुसार 23 नवंबर 2026 को आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा एवं कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल के निर्देश पर तथा जिला आबकारी अधिकारी सीआर साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त खैरागढ़ प्रभारी अतुल देवांगन के नेतृत्व में विभागीय टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भरतपुर, थाना गातापार क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध व्यक्ति के सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.5 बल्क लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।



