
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय स्तर से मिले निर्देशों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन में बूथ और वार्ड स्तर पर समितियों के गठन का कार्य जारी है। इसी कड़ी में ग्राम ढीमरिनकुआं में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जहां संगठनात्मक कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक का आयोजन स्थानीय कार्यकर्ता दीपक वर्मा के निवास पर हुआ जहां जिला प्रभारी कुलबीर सिंह छाबड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित नेताओं ने ब्लॉक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि आगामी समय में प्रदेश स्तर के नेता अचानक किसी भी बूथ का निरीक्षण कर सकते हैं इसलिए सभी समितियों का गठन पारदर्शी और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ किया जाना जरूरी है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। कोमल दास साहू ने पदाधिकारियों से अपील की है कि तय समय-सीमा के भीतर बूथ समितियों का गठन पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 15 अप्रैल तक सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिल सके। बैठक में मिहिर झा, भीखमचंद छाजेड़, आकाशदीप सिंह, संजू चंदेल, योगेश जंघेल, संदीप सिरमौर, रिंकू गुप्ता, सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




