

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ की शिक्षिका नाज़रीन नियाज़ी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं नवाचारी शिक्षण कार्यों के लिए राजिम-चंपारण में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में बिरसा मुंडा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षा सागर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ भारत द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया। ग्राम सोनभट्टा के पूर्व माध्यमिक शाला में पिछले 17 वर्षों से कार्यरत नाज़रीन नियाज़ी को छात्रों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा में नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग एवं शिक्षा सागर फाउंडेशन के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व भी नाज़रीन नियाज़ी को शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए डॉ.ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राज्य अलंकरण अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। सम्मान प्राप्त करने के बाद नाज़रीन नियाज़ी ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करना उनका प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया।

