KCGछत्तीसगढ़

आदि आरोग्य रथ बना बैगा महिलाओं के लिए उम्मीद की किरण, मोतियाबिंद ऑपरेशन से लौटी रोशनी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुशासन तिहार के तहत विकासखंड छुईखदान के वनांचल एवं बैगा बाहुल्य ग्राम सरौधी में आयोजित मुख्यमंत्री चौपाल के दौरान ग्रामीणों की स्वास्थ्य समस्याओं का त्वरित समाधान देखने को मिला। चौपाल में ग्राम कुम्ही की हरेलिया बाई गोंड और ग्राम सरौधी की मनमत बाई बैगा ने आंखों में हुए मोतियाबिंद के उपचार की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बैगा क्षेत्र में विशेष नेत्र जांच शिविर लगाया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन तथा सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा और बीएमओ डॉ. मनीष बघेल के निर्देशन में नेत्र सहायक अधिकारी नरेंद्र निषाद द्वारा ग्रामीणों की जांच की गई। जांच में दोनों महिलाओं सहित छह मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी मरीजों को आदि आरोग्य रथ के माध्यम से निःशुल्क उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण किया। उपचार उपरांत मरीजों को सुरक्षित वापस उनके गांव पहुंचाया गया। वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी विनय रामटेके ने ऑपरेशन के बाद मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयों के नियमित सेवन, आंखों की स्वच्छता बनाए रखने और धूल-धुएं से बचाव संबंधी आवश्यक सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आंखों या अन्य किसी भी बीमारी की स्थिति में निकटतम उप स्वास्थ्य केंद्र, मितानिन या स्वास्थ्य कर्मचारियों को तुरंत जानकारी दें ताकि समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराई जा सके। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में यह पहल प्रभावी साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page