
अपहृत नाबालिग हुई सकुशल बरामद
सत्यमेव न्यूज गंडई। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम से जुड़े एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने थाना गंडई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 121/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए नए मुखबिर सक्रिय किए। मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम को मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम झिटकनिया भेजा गया है।वहां दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया तथा आरोपी राकेश कुमार डाहिरे को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और मुंगेली जिले में रखकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
