KCG

पैलीमेटा में आदिवासी भवन समेत विकास कार्यों की मांग, मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। पैलीमेटा परिक्षेत्र में आदिवासी समाज से जुड़े जनहित और विकास कार्यों को गति देने की मांग को लेकर समाज के प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक कोमल जंघेल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान पैलीमेटा में सर्वसुविधायुक्त आदिवासी भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पैलीमेटा 34 गांवों के आदिवासी समाज का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में सामाजिक सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित भवन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आदिवासी भवन के निर्माण की स्वीकृति को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। साथ ही पैलीमेटा में प्रस्तावित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी स्वीकार किया और कार्यक्रम में अपनी सहमति जताई। पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने क्षेत्र के व्यापक विकास से जुड़े अन्य मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इनमें पैलीमेटा स्थित सुरही जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना जंगलपुर (बुंदेली) में धान खरीदी केंद्र शुरू करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं अन्य अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में शिक्षा सड़क सिंचाई पर्यटन कृषि और ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कराने की मांग भी रखी। इस दौरान आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का साल ओढ़ाकर आदिवासी गमछा एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में सरपंच कुमार पाल, ग्राम पटेल मोहन मरावी, जनपद सदस्य कासी राम पोर्ते, पूर्व जनपद सदस्य अमर सिंह मरावी, कंसा राम पोर्ते, गीता मरावी, बीरेंद्र कुमार सहित आदिवासी समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page