
दावा-आपत्ति निराकरण के बाद प्रवेश प्रक्रिया संपन्न, 18 मई तक दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुशरो शासकीय अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय गंडई में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूर्ण की गई। कक्षा पहली सहित अन्य कक्षाओं में प्रवेश हेतु प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के बाद पात्र एवं अपात्र सूची का प्रकाशन 11 मई को किया गया था। इसके पश्चात 13 मई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किए गए और निराकरण उपरांत अंतिम पात्र सूची संस्था के सूचना पटल पर प्रदर्शित की गई। विद्यालय में 14 मई को सुबह 11 बजे सार्वजनिक रूप से लॉटरी पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रही। कक्षा पहली में कुल 50 रिक्त सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की गई जिसमें 25 सीट बालिकाओं 12 सीट बीपीएल वर्ग तथा 13 सीट सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित की गई थीं। वहीं कक्षा पहली तीसरी एवं चौथी की रिक्त सीटों पर भी लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। दूसरी पांचवीं छठवीं एवं आठवीं कक्षा में आवेदन संख्या कम होने के कारण पात्र विद्यार्थियों का सीधे चयन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सभी कक्षाओं के लिए प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई है। चयनित विद्यार्थियों के पालकों को 18 मई 2026 तक विद्यालय समय में आवश्यक दस्तावेज जमा कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा नहीं करने पर प्रतीक्षा सूची से विद्यार्थियों को अवसर दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पालकों की होगी। लॉटरी प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया ने उपस्थित अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों को प्रवेश संबंधी दिशा निर्देशों की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में स्मिता दास, जसबीर सिंह एवं मुकेश यादव की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष संजय राजपूत, विधायक प्रतिनिधि अमित टंडन, पार्षद सावत देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि समिति सदस्य शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया है।

