

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार सहित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा अंबेडकर चौक के समीप आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अवलोकन किया। 18 से 20 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान की उपलब्धियों को आकर्षक फोटो पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में कृषि, अधोसंरचना, रक्षा, डिजिटल इंडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क खाद्यान्न वितरण, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण एवं युवा सशक्तिकरण से संबंधित उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-नाम प्लेटफॉर्म, लखपति दीदी अभियान तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई दिशा मिली है।

युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी को देश की विकास यात्रा से परिचित कराने का एक प्रभावी माध्यम है। सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक, रक्षा उत्पादन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों ने देश को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया। अधोसंरचना विकास के अंतर्गत चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार तथा वंदे भारत ट्रेनों जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया जा रहा है। जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को ‘जनमन’ पत्रिका तथा सुशासन विषयक प्रकाशनों का वितरण भी किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, गोरेलाल वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
