KCG

पिछड़ा वर्ग की जातिगत जनगणना की मांग को लेकर 28 नवंबर को होगा दिल्ली कूच, ओबीसी नेताओं ने लिया संकल्प

खैरागढ़। राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिगत गणना और जनसंख्या के अनुपात में अधिकार एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रायपुर के फूल चौक में अखिल भारतीय जातिगत जनगणना समन्वय समिति (छत्तीसगढ़ प्रदेश) की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेशभर के ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में 28 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले आंदोलन में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। बैठक के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य डॉ.पुष्पराज सिंह ने कहा कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ओबीसी समाज की एकजुटता जरूरी है। इंजी.रामजी सिंह कबीर के संयोजन में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जातिगत जनगणना के सटीक आंकड़ों के बिना पिछड़े वर्ग के लिए शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में प्रभावी नीतियां बनाना संभव नहीं है। इस दौरान खैरागढ़ से शामिल विप्लव साहू ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को विकास के समान अवसर मिलने चाहिए। समाज के सभी वर्गों को समान शुरुआती अवसर उपलब्ध होंगे, तभी उनकी क्षमता का पूरा उपयोग देश के विकास में हो सकेगा। आयोजकों के अनुसार 28 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले आंदोलन में करीब 24 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके माध्यम से केंद्र सरकार से राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी की जातिगत गणना कराने तथा आबादी के अनुपात में शिक्षा, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवसर सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। बैठक में प्रदेशभर से ओबीसी महासभा, ओबीसी संगम और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page