
शराब पीने से मना करने पर नाराज पति ने दिया वारदात को अंजाम
शरीर और सिर पर मिले चोट के गंभीर निशान
पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत किया अपराध दर्ज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा के मोहगांव थाना अंतर्गत ग्राम डुमरिया में विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। महिला के पति पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने और इसी के चलते उसकी मौत होने का आरोप लगाया गया है। मामले में मोहगांव पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम डुमरिया निवासी राधा बाई की मौत 19 अगस्त की रात करीब 9 बजे से 20 अगस्त की सुबह 7 बजे के बीच हुई। बताया गया है कि महिला के शराब पीने से मना करने पर उसका पति नाराज हो गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद और मारपीट होने की बात सामने आई है। आरोप है कि पति ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। 20 अगस्त की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला का शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस दस्तावेजों में महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने का उल्लेख किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मोहगांव पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मामले में आरोपी पति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें उसके पति की वास्तविक भूमिका क्या रही यह विवेचना पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, प्रत्यक्ष एवं अन्य तथ्यों को जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
