
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा चुनावी उत्साह

नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
भाजपा सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत के खैरागढ़ आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा के मार्गदर्शन में स्थानीय सांस्कृतिक भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में खैरागढ़ नगर के सभी 20 वार्डों सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भारी भीड़ के कारण सांस्कृतिक भवन पूरी तरह खचाखच भर गया। कई कार्यकर्ताओं को खड़े होकर कार्यक्रम सुनना पड़ा, जबकि बड़ी संख्या में लोग भवन के बाहर भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से उत्साहित नेता प्रतिपक्ष डॉ.महंत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह जोश और एकजुटता आगामी नगर पालिका चुनावों में पार्टी की सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और जनता का विश्वास है। डॉ.महंत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अपराध, हत्या, चाकूबाजी और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन की स्थिति निर्मित हो रही है। उन्होंने महंगाई को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल तथा आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से कांग्रेस ने उपचुनाव तथा विधानसभा चुनाव में सफलता प्राप्त की, उसी प्रकार आगामी नगर पालिका चुनाव में भी पार्टी को विजय दिलाने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के बीच ले जाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस को जनता के हितों के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी आगे भी जनसमस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, संदीप सिरमौर, शत्रुघ्न चंदेल, राजकुमार पटेल, दीपक देवांगन, किशन रजक, रविंद्र सिंह गहेरवार, नीलेन्द्र शर्मा, सुनीलकांत पांडे, नासिर मेमन, लाल टकेश्वर शाह खुसरो, मोहित भांडेकर, विनोद ताम्रकार, सुरेंद्र शर्मा, हेमंत वैष्णव, जितेंद्र सिंह गौर, गिरधारी पाल, नीना ताम्रकार, आरती महोबिया, कपीनाथ महोबिया, संजू सिंह चंदेल, हिमाचल राजपूत, सोनू ढीमर, पुरान सारथी, भारत चंद्राकर, अनुभा चंद्राकर, शेखर दास वैष्णव, नित्य शरण सिंह, सुनीता सारथी, गीता यादव, शताक्षी सिंह, अरशद हुसैन, यतेंद्रजीत सिंह, विजय वर्मा, संत निषाद, गुलशन तिवारी, नदीम मेमन, बंशी वर्मा, ओम साहू, मिलाप धीमर, राहुल बंजारे, राजा लहरे, पुरुषोत्तम वर्मा, शत्रुघ्न देशलहरे, राधे पटेल, संतोष वर्मा, रतन सिंगी, कन्हैया रजक, अजय देवांगन, श्रद्धा अग्रवाल, गिरीश नामदेव, विनोद यादव, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन एवं लता प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।