नन्हें छात्र ने बनाया ‘स्लीप अलर्ट स्मार्ट चश्मा’, झपकी आते ही बजेगा अलार्म और छूटेगा पानी का फव्वारा

दुर्घटना से बचाव के लिए सातवीं के छात्र ने निकाली अनोखी तरकीब
खैरागढ़ के ग्राम दपका निवासी छात्र डीगेन्द्र सिन्हा का सामने आया अनूठा नवाचार
जिला स्तर पर प्रथम और संभाग स्तर पर हासिल किया दूसरा स्थान
अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे हुनर
खैरागढ़। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। कम उम्र में भी बड़ी समस्याओं का समाधान खोजने की सोच हो तो नवाचार की नई राह निकल सकती है। इसकी मिसाल खैरागढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दपका में कक्षा सातवीं में अध्ययनरत छात्र डीगेन्द्र सिन्हा ने पेश की है। डीगेन्द्र ने वाहन चालकों को नींद की झपकी से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाने के लिए ‘स्लीप अलर्ट स्मार्ट चश्मा’ तैयार किया है। इसकी खासियत यह है कि वाहन चालक को नींद आते ही सेंसर सक्रिय हो जाता है और अलार्म बजने लगता है। इसके बावजूद चालक सतर्क नहीं होता तो चश्मे में लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ने की व्यवस्था भी की गई है। डीगेन्द्र ने अपने इस अभिनव मॉडल का प्रदर्शन दुर्ग स्थित सेजेस जेवराड़ बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में किया। उनका यह प्रयोग सड़क सुरक्षा की गंभीर समस्या को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अक्सर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों को थकान और नींद के कारण झपकी आ जाती है, जिससे गंभीर सड़क हादसे होते हैं। ऐसे में डीगेन्द्र का यह मॉडल चालक को समय रहते सचेत करने की दिशा में एक उपयोगी पहल है।
झपकी आते ही सेंसर करेगा पहचान, अलार्म से वाहन चालक को करेगा सतर्क
स्मार्ट चश्मे में सेंसर तकनीक का उपयोग किया गया है। चालक की आंखों में नींद के लक्षण दिखाई देते ही सेंसर अलर्ट सिस्टम को सक्रिय कर देता है और बजर बजने लगता है। यदि अलार्म के बाद भी चालक सतर्क नहीं होता तो चश्मे में लगे विशेष सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ने का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य चालक को तत्काल जगाकर नींद के कारण संभावित दुर्घटना की आशंका को कम करना है।
हेलमेट नहीं पहनने पर भी अलर्ट करेगा दूसरा मॉडल
विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक अन्य उपयोगी मॉडल भी तैयार किया है। इसमें बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर बजर बजने की व्यवस्था की गई है। दोनों मॉडल यह दर्शाते हैं कि विद्यार्थी विज्ञान और तकनीक का उपयोग केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए भी कर रहे हैं।
शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार किया मॉडल, अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
डीगेन्द्र ने यह मॉडल शिक्षक अजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में तैयार किया है। शिक्षक राजपूत के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल आधारित शिक्षा, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को विशेष महत्व दिया गया है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को प्रयोग और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डीगेन्द्र ने अपने इस मॉडल के दम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई है। अब वे राज्य स्तर पर अपने नवाचार की उपयोगिता और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। ज्ञात हो कि सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले डीगेन्द्र का यह प्रयास न केवल उनकी वैज्ञानिक अभिरुचि और रचनात्मक सोच को सामने लाता है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि बड़ी समस्याओं का समाधान खोजने के लिए उम्र नहीं बल्कि जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और कुछ नया करने का संकल्प जरूरी है।


