KCG

दीपावली पर्व को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिठाई और नमकीन दुकानों का किया निरीक्षण

गंडई-पंडरिया। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 5 नवंबर 2026 को नियंत्रक खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के छुईखदान क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छुईखदान स्थित मेसर्स जैन जलपान गृह से लाल पेड़ा एवं नमकीन सेव के नमूने संकलित किए गए वहीं ढिमरीन कुआं क्षेत्र स्थित यादव होटल से मिनी पेड़ा एवं गुलाब जामुन के नमूने जांच के लिए लिए गए। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में अनियमितताएं पाए जाने पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए अखाद्य रंग से तैयार लगभग 5 किलोग्राम जलेबी एवं बालूशाही को मौके पर नष्ट कराया। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 20 प्लेट समोसा एवं भजिया भी नष्ट कराए गए। खाद्य विभाग की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, खाद्य सामग्री में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान मिलावट एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में इस प्रकार का सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page