Uncategorized

उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं से अल-सुबह और रात में बढ़ी ठिठुरन

सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़। उत्तर दिशा से बह रही तेज और ठंडी हवाओं ने जिले में सर्दी की जोरदार दस्तक दी है। बीते दो दिनों में शनिवार और रविवार की रातें अत्यधिक ठंडी रहीं वहीं रविवार को दिनभर लोगों ने ठिठुरन का अहसास किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। गौर करें कि खाड़ी क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम कमजोर होने के बाद आसमान पूरी तरह साफ हो गया जिसके कारण उत्तर से आ रही शुष्क और ठंडी हवाएँ प्रदेश भर में अपना प्रभाव दिखा रही हैं। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी और ठंडक के चलते सुबह-शाम सर्दी की हिमाकत बढ़ गई है वहीं शाम ढलते ही तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है और शाम बाद देर रात तक ठिठुरन अपना असर दिखा रही है। सुबह भी उत्तर दिशा से चल रही हवाओं ने लोगों को कंपकंपी महसूस कराई। मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। प्रदेश के साथ जिले के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसी परिस्थिति बनने की भी संभावना जताई गई है। ठंड बढ़ने से जनजीवन पर असर दिखने लगा है। लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं और जगह-जगह अलाव की तलाश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सुबह-शाम ठंडी हवाओं से बचाव के लिए सतर्क रहने व विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page