
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में जिला स्तरीय तृतीय सोपान स्काउट गाइड निपुण रोवर एवं रेंजर जांच शिविर का आयोजन 7 से 10 अगस्त तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान खैरागढ़ में किया गया। शिविर में 36 स्काउट, 42 गाइड, 57 रोवर और 79 रेंजर सहित कुल 214 प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड आंदोलन नियम एवं प्रतिज्ञा प्राथमिक उपचार गांठ एवं रस्सी के उपयोग लेसिंग कम्पास एवं दिशा ज्ञान संकेत अनुमान अग्नि सुरक्षा और ड्रिल सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। मौखिक लिखित एवं प्रायोगिक जांच के साथ परिसर स्वच्छता और सेवाकार्य भी कराया गया। 13 सर्विस रोवर-रेंजर तथा 16 संचालक मंडल के सदस्यों ने शिविर की गतिविधियों में सहयोग किया है। समापन अवसर पर आयोजित महाशिविर ज्वाल कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने की। शशांक ताम्रकार, उत्तम दशरिया सहायक संचालक मनोहर लाल चंदेल एवं प्राचार्य कमलेश्वर सिंह उपस्थित रहे। शशांक ताम्रकार ने स्काउट-गाइड के सेवा और समर्पण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों से माई भारत पोर्टल पर अपनी गतिविधियों को अपडेट करने का आग्रह किया। भागवत शरण सिंह ने नेतृत्व क्षमता कौशल विकास सेवा स्वच्छता स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। अंतिम दिन सर्वधर्म प्रार्थना नगर भ्रमण ओपन सेशन शिविर मूल्यांकन और अंतिम वार्ता के बाद ध्वज अवतरण के साथ शिविर का समापन हुआ। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। शिविर संयोजक कृष्ण कुमार वर्मा और संचालक धनुष सिन्हा सहित प्रशिक्षण दल एवं सेवा रोवर-रेंजर का आयोजन में विशेष योगदान रहा है।
