Uncategorized

तिरुपति बालाजी मंदिर में खैरागढ़ विश्वविद्यालय से सबद्ध कलाकारों के सुरों और ताल की सजी भव्य महफिल

खैरागढ़। आस्था और भारतीय शास्त्रीय संगीत के अद्भुत संगम का साक्षी बना तिरुपति बालाजी मंदिर परिसर जहां 10 नवंबर 2026 को मंदिर समिति की ओर से भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त एवं प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट संगीत साधना का परिचय देते हुए श्रोताओं को सुरों और तालों की अविस्मरणीय अनुभूति कराई। प्रसिद्ध तबला वादक पं.अवध सिंह ठाकुर, सरोद वादक गोपाल सिंह ठाकुर और गायिका डॉ.साधना रहाटगांवकर की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को संगीत और भक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.साधना रहाटगांवकर के सुगम एवं भक्तिमय गायन से हुआ। उन्होंने महाकवि तुलसीदास और संत मीराबाई के प्रसिद्ध भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी मधुर आवाज और भावाभिव्यक्ति ने मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित कर दिया। भजनों की प्रस्तुति पर श्रोता भावविभोर नजर आए। संगीत समारोह के दूसरे चरण में ख्यातिलब्ध तबला वादक पं.अवध सिंह ठाकुर ने तबला एकल वादन से अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने उठान, पेशकार, कायदा, रेला, टुकड़ा और तिहाई जैसी शास्त्रीय ताल रचनाओं को अत्यंत कुशलता और लयकारी के साथ प्रस्तुत किया। उनके वादन में फर्रुखाबाद घराने की विशिष्ट परंपरा, तकनीकी दक्षता और वर्षों की साधना की स्पष्ट झलक दिखाई दी। उनकी प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।समारोह के अंतिम चरण में सरोद वादक गोपाल सिंह ठाकुर ने राग श्याम कल्याण की मनोहारी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने राग के विस्तार में आलाप, जोड़, विलंबित एवं द्रुत गत, झाला और तिहाई के माध्यम से सरोद वादन की बारीकियों और शास्त्रीय सौंदर्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनके वादन में सुरों की मधुरता और लय का संतुलित संयोजन श्रोताओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। इस प्रकार भजन, तबला और सरोद की तीन विशिष्ट प्रस्तुतियों से सजा यह संगीत समारोह भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा और खैरागढ़ की सांगीतिक विरासत का प्रभावशाली परिचय बन गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित संगीत प्रेमियों ने खूब सराहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page