
समारोह में परीक्षा परिणाम भी होंगे घोषित
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रेम स्मृति शिक्षा समिति, खैरागढ़ के तत्वावधान में नवनिर्मित तन्मय गिड़िया सरस्वती शिशु मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल का भव्य शुभारंभ गुरुवार 30 अप्रैल को किया जाएगा। इसी अवसर पर सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणामों की भी घोषणा की जाएगी। यह गरिमामयी कार्यक्रम राज फैमिली स्थित प्रेम कुमार सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ.लवली शर्मा होंगी जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश कुमार चंद्रा (डीएसपी, खैरागढ़) करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेम स्मृति शिक्षा समिति के पूर्व व्यवस्थापक प्रेमचंद गिड़िया, प्रतिष्ठाचार्य एवं समाजसेवी हुकुमचंद मुणोत, श्रीमती सुशीला ओसवाल, स्व.गौतमचंद मुणोत की धर्मपत्नी श्रीमती मुणोत तथा सिविल इंजीनियर विनोद पाण्डे उपस्थित रहेंगे।
संस्था के अध्यक्ष मनोज गिड़िया एवं व्यवस्थापक भंवरलाल खत्री ने जानकारी दी कि कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से प्रारंभ होगा जिसमें अभिभावकों एवं नगरवासियों को सादर आमंत्रित किया गया है। संस्था का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है साथ ही अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रीयता की भावना विकसित करना, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रनिर्माता बन सकें।
